दरबार के जम्मू आने से बाजारों में एक बार फिर उत्साह है। लंबे अरसे बाद सचिवालय के शीतकालीन प्रवास की तैयारियों ने व्यावसायिक वर्ग में नई उम्मीदें जगा दी हैं। दुकानदारों और व्यापारियों का कहना है कि दरबार मूव से कारोबार में तेजी आएगी। हालांकि कुछ व्यापारियों का यह भी कहना है कि छह महीनों के लिए दरबार मूव की वापसी अच्छा कदम जरूर है लेकिन पर सरकार को केवल मौसमी कारोबार तक सीमित न रहकर पर्यटन को बढ़ावा देने के स्थायी उपाय भी करने चाहिए। कारोबारियों को आस है कि इस बार सरकार जम्मू को स्थायी व्यावसायिक और पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
पक्का डंगा बाजार
50 से अधिक दुकानें हैं बाजार में
रोजमर्रा के समान से जुड़ी सभी दुकानों के बाजार है।
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। श्री महालक्ष्मी मंदिर ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान विशाल का कहना है कि पक्का डंगा शहर का प्रमुख बाजार है। यहां रोजमर्रा के समान की दुकानें हैं। जब दरबार जम्मू आता है तो खरीदारों की संख्या बढ़ जाती है। कारोबार में काफी तेजी आती है। छह महीनों के लिए जब कर्मचारी परिवार सहित आते हैं तो एक तरह की पूरी गृहस्थी बसती है। इसके लिए रोजमर्रा की खरीदारी के लिए बाजार में काम बढ़ जाता है जिससे कारोबारियों को फायदा होता है।
स्टेशनरी दुकानदार सुरेंद्र के अनुसार दरबार मूव से काम लगभग 60 प्रतिशत बढ़ जाता है। इस इलाके में आने वाले कर्मचारी सचिवालय पास होने के कारण आसपास किराए पर मकान लेते हैं। इससे न केवल दुकानों का बल्कि हर किसी का काम बढ़ता है। सरकार का फैसला जम्मू के व्यापारियों के लिए अहम है। पिछले चार साल इन दिनों काम की मंदी रही है। कारोबारी एसपी चोपड़ा का कहना है कि दरबार मूव के साथ कर्मचारी अपने परिवार सहित आते हैं। इससे शहर में आबादी बढ़ती है। इससे राशन, कपड़ा, स्टेशनरी आदि के कारोबार में इजाफा होता है। विनोद के अनुसार चार साल पहले जब जम्मू में दरबार आता था तो दुकानदारों के काम में तेजी आती थी। तब परिस्थितियां आज की तुलना में अलग थीं। ट्रेन भी सीधी कश्मीर जा रही है। इससे काम में अंतर आया है। विकास अच्छा है लेकिन सरकार को जम्मू में व्यापार को स्थायी रखने के लिए सिर्फ छह महीने नहीं बल्कि पूरे साल का ध्यान रखना चाहिए।