-पारंपरिक लद्दाखी वस्त्रों में दलाई लामा का स्वागत करेंगे नगरवासी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा शनिवार को लेह आएंगे। इसे लेकर पूरे नगर में उल्लास है। नगरवासियों ने स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सड़कों को रंग-बिरंगे झंडों और फूलों से सजाया गया है। मांस की सभी दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
नगर के व्यापार मंडल और धार्मिक संगठनों ने लेह के मुख्य बाजार, शांति स्तूप मार्ग, चोकलामसर और हवाई अड्डे की ओर जाने वाले रास्तों पर पारंपरिक ढंग से सजावट की है। स्वागत बनाए गए हैं, जिन पर बौद्ध प्रतीकों और शुभकामनाओं के चित्र अंकित हैं। व्यापारी संघ लेह ने नगरवासियों से अनुरोध किया है कि वे सुबह ठीक आठ बजे सड़कों के किनारे एकत्र हों, ताकि धर्मगुरु के दर्शन और आशीर्वाद का लाभ मिल सके। सभी से पारंपरिक लद्दाखी वस्त्र पहनने, फूल और ‘खाटक’ (शुभ शाल) साथ लाने की अपील की गई है।
लेह बौद्ध सभा ने भी स्वागत की तैयारियों की पुष्टि की है। सभा से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि दलाई लामा इस बार लगभग एक माह तक लद्दाख में प्रवास करेंगे। इस दौरान कई धार्मिक तथा सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दलाई लामा के आगमन को नगरवासियों ने सौभाग्य का क्षण माना है। कई विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं और कुछ स्थानों पर अवकाश भी घोषित किया गया है।