उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी इलाके में सिलेंडर ब्लास्ट में मां तथा छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार विस्फोट लगहामा गांव में मोहम्मद शफी चाल्कू के घर में हुआ।
इसमें परवीना अख्तर (35), सैमा बानो (18), शबीना बानो (16), सायस्ता बानो (14), नाजिया बानो (13), उल्फत बानो (10) तथा उबैद (5) घायल हो गए। विस्फोट से घर में लगी आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर काबू पाया।
गुरेज में रहस्यमयी विस्फोट में किशोर की मौत, एक अन्य घायल
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज के बगतोर इलाके में सोमवार को रहस्यमयी विस्फोट में एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बगतोर तहसील के चुनतीवारी गांव में शाम लगभग साढ़े चार बजे विस्फोट हुआ, जिसमें सुल्तान माप्नू के पुत्र अमजद माप्नू (16) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही वहां खेल रहा गुलाम रसूल का बेटा इश्तियाक अहमद लोन घायल हो गया। हालत गंभीर होने के चलते उसे श्रीनगर के स्किम्स रेफ र कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।