अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 220 केवी बार्न-किशनपुर ट्रांसमिशन लाइन के झुके टावर की मरम्मत के दौरान कट लगने से लोग परेशान रहे। बारिश से लाइन को भारी नुकसान हुआ है। सोमवार को दिनभर काम चलता रहा है। इसका असर शहरभर में पानी की आपूर्ति पर पड़ा है। टयूबवेल के माध्यम से होनी वाली आपूर्ति बाधित रही है।
लाइन से तालाब तिल्लो, कैनाल रोड और रिहाड़ी सहित जम्मू शहर में बिजली आपूर्ति होती है। बिजली न होने के कारण तालाब तिल्लो, भगवती नगर, रिहाड़ी, रूप नगर, मुट्ठी, गांधी नगर, शास्त्री नगर, पुराने शहर के जैन बाजार, पुरानी मंडी, मोती बाजार, कुंजवानी, गंगयाल, सारिका बिहार सहित कई इलाकों में परेशानी बनी रही। सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारियों को काम करने में परेशानी आई।
बिजली कारपोरेशन के अनुसार मरम्मत कार्य के कारण छह से सात घंटे की कटौती हो रही है। एक सप्ताह के अंदर समस्या का निदान कर दिया जाएगा। एक्सइएन अवनीत गुप्ता ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण समस्या आ रही है।
बाढ़ ग्रस्त इलाकों में ट्रांसफार्मर बदलने पर काम रहा जारी
बाढ़ ग्रस्त इलाकों में बिजली स्टोर करने पर काम जारी रहा। बाहुफोर्ट में 11 ट्रांसफार्मरों को बदलने पर काम शुरू हो गया है। पहले तीन से चार ट्रांसफार्मरों को बदला गया था। सोमवार को 2 ट्रांसफार्मरों को बदला गया है और आपूर्ति बहाल की गई है। पहले अस्थाई प्रबंध कर बिजली मुहैया करवाई जा रही थी। इसी तरह रूपनगर, मुट्ठी, बनतालाब सहित अन्य इलाकों में काम जारी रहा।