पांपोर, कुपवाड़ा तथा अनंतनाग में कर्फ्यू जारी
- फोटो : PTI
कश्मीर में भड़की हिंसा के छठें दिन गुरुवार को हिंसक वारदातों में कुछ कमी आई। हालांकि बुधवार को भीड़ ने एक पूर्व आतंकी के घर को फूंक दिया था। बांदीपोरा में सुरक्षा बलों पर पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे गए। मरने वालों का आंकड़ा 37 तक पहुंच गया है।
श्रीनगर स्थित स्किम्स में भर्ती दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम के रहने वाले इरफान अहमद डार की गुरुवार सुबह मौत हो गई। इरफान को सोमवार को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। स्किम्स के सीनियर डाक्टर ने आज सुबह इरफान की मौत की पुष्टि की है।
पांपोर, कुपवाड़ा तथा अनंतनाग में कर्फ्यू जारी है, जबकि घाटी के अन्य इलाकों में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां हैं। बुधवार को शहीदी दिवस पर हिंसा की आशंका में सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए थे। मोबाइल इंटरनेट तथा रेल सेवा छह दिनों से ठप है।
कुलगाम जिले के एक युवक की बुधवार को सुबह स्किम्स अस्पताल में मौत हो गई। वह शनिवार को हिंसक प्रदर्शनों में बुरी तरह घायल हो गया था। उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा के पपछान गांव में बुधवार को हिंसक प्रदर्शन हुए।