सरस्वती ड्रामेटिक क्लब पंजतीर्थी बिल्लू मंदिर में रामलीला की रिहर्सल करते कलाकार ।
जम्मू। नवरात्र पर्व के नजदीक आने के साथ रामलीला के मंचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर में विभिन्न क्लब व संस्थाओें की ओर से रामलीला का मंचन किया जाता है। पंजतीर्थी स्थित बिल्लू मंदिर में भी रामलीला के लिए रिहर्सल जारी है। रामलीला में अभिनय करने वाले कलाकार मंदिर परिसर में अभ्यास कर रहे हैं। राम-रावण, सीता, लक्ष्मण आदि पात्र तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
बिल्लू मंदिर पंजतीर्थी में रामलीला में काम करने वाले करण ने बताया कि 1936 से मंदिर में लगातार रामलीला का मंचन हो रहा है। यहां रामलीला का मंचन स्थानीय लोगों ने शुरू किया था। कई बार रामलीला का मंचन बंद भी हुआ, लेकिन 1963 से इसका मंचन लगातार हो रहा है। रामलीला में बॉलीवुड में काम करने वाले शंकर भान के अलावा संतूर वादक पंडित शिव कुमार शर्मा ने भी अभिनय किया है। रामलीला में अभिनय के लिए स्थानीय कलाकारों को ही प्राथमिकता दी जाती है। बिल्लू मंदिर में हर साल हजारों की संख्या में लोग रामलीला देखने पहुंचते है। मंदिर में इन दिनों रामलीला की रिहर्सल जोरों से चल रही है। वर्तमान में कलाकार अपने के साथ एक-दूसरे से संवाद करते दिखाई देते हैं। वहीं रामलीला के सेट की भी तैयारियां चल रही हैं। मंदिर में रंग रोगन का काम जारी है। बिल्लू मंदिर में पहले नवरात्र से प्रतिदिन रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस बार राम का किरदार अर्जुन शर्मा, लक्ष्मण सतीश सिंह, सीता पल्ल्वी और रावण का किरदार सुरेश शर्मा निभाएंगे।