विजयपुर। तरोड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से गुरु दक्षिणा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में काफी संख्या में खंड, मंडल व गांव के स्वयंसेवक पहुंचे। उन्होंने भगवा ध्वज को गुरु मानकर समर्पण किया।
कार्यक्रम में प्रांत के क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष सुरिंद्र सिंह बागल ने कहा कि संघ देश और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता है। इसके स्वयंसेवक नि:स्वार्थ भाव से समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण का कार्य करने के लिए उत्सुक रहते हैं। स्वयंसेवक बिना किसी अपेक्षा के संघ कार्य में सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि संघ में गुरु परम् पवित्र भगवा ध्वज को माना गया है, देवी देवता भी इस ध्वज के पवित्र सानिध्य में असुरों का नाश करते आए हैं।
सांबा के संघचालक सुभाष चंद्र ने बताया कि संघ वर्ष में छ: उत्सव मनाता है, जिसमें नया संवत, गुरु पूर्णिमा, हिंदू साम्राज्य दिवस, रक्षा बंधन उत्सव, मकर संक्रांति व विजय दशमी शामिल है। संघ संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार द्वारा किसी व्यक्ति को गुरु न मानकर भगवा ध्वज को गुरु माना गया है। प्रार्थना खंड के सह कार्यवाह विशाल ने की। खंड के सेवा प्रमुख गणेश ने अमृत वचन सुनाया। कार्यक्रम की देखरेख व व्यवस्था की जिम्मेदारी अंकुश ने निभाई। अंत में कार्यक्रम की रचना खंड के शारीरिक प्रमुख सुनील ने की।