सांबा। जिला प्रशासन ने स्थानीय कलाकारों और हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए शनिवार को ग्रामीण हॉट स्वांखा, विजयपुर में मेगा दिवाली मेला का आयोजन किया।
उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने दिवाली मेले का उद्घाटन करते हुए समाज के सभी क्षेत्रों से स्थानीय कलाकारों और उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को विशेष रूप से दिवाली में बढ़ावा देने और समर्थन देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर अभियान के तहत प्रशासन ने स्थानीय कलाकारों के सहयोग से मिट्टी के दीये, सजावटी सामान, फूड स्टॉल, बैग, शॉल, ड्रेस आदि सहित अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए मंच प्रदान करने के लिए मेले का आयोजन किया। इस अवसर पर जलेबी, ठंडी खुई बर्फी, सांबा के भल्ले आदि के स्टाल भी लगाए गए। उपायुक्त ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर ग्रामीण हाटों की स्थापना की जा रही है। जहां सप्ताह में एक दिन ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने का मौका मिलेगा और उपभोक्ताओं को उत्पाद भी आसानी से मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों का नामांकन कर स्वयं सहायता समूहों, सहकारिताओं की सदस्यता को व्यापक बनाना, उनके कौशल उन्नयन और बाजार से जुड़ाव के लिए सहयोग करना जिला प्रशासन सांबा की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पंजीकृत कलाकारों और लाभार्थियों को बढ़ावा देने के लिए एनआरएलएम, हस्तशिल्प और हथकरघा, बागवानी, नाबार्ड, सहकारिता, कृषि सहित लाइन विभागों द्वारा विभिन्न स्टाल भी लगाए गए। विभिन्न स्थानीय लोगों में पीआरआई सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने दीवाली मेले का दौरा किया और समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य योजना अधिकारी सुखलीन कौर एवं एडी हस्तशिल्प निहारिका ने क्षेत्रीय अधिकारियों के सहयोग से किया।
सेना के जवानों ने भारत माता को याद कर जलाई मोमबत्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। गांव टांडा में स्थित सेना 24 रेजीमेंट में दिवाली पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर यूनिट में दिवाली पूर्व कार्यक्रम शुरू होने से पहले गुरुद्वारे में सत्संग करके अरदास की गई, जिसमें प्रसाद वितरित करके जवानों ने लंगर चखा। उसके उपरांत जवानों के साथ अधिकारियों ने दिवाली मनाने के आतिशबाजी की, जिसमें जवानों ने भारत माता के जयघोष लगाए और करीब सौ जवानों ने जय हिंद की लाइन बना कर भारत माता को याद करके मोमबत्ती जलाई और आतिशबाजी की। जोश से जवानों ने भारत माता और सेना के जिंदाबाद के नारे लगा।ए
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रियंका मेहरा ने बताया कि सभी जवानों ने एकत्रित होकर दिवाली पर्व मनाया, जबकि देश की रक्षा के लिए परिवार के सदस्यों से दूर होकर दिवाली मनाई, मगर यह सुखद अनुभव रहा। नायब सुबेदार स्वर्ण सिंह ने बताया कि यूनिट में सभी त्योहार जवान एकत्रित होकर मनाते हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली पर आतिशबाजी करके जश्न मनाया गया। देश की रक्षा करने का प्रण लिया गया।