सांबा। कोरोना के चलते श्री अमरनाथ यात्रा में जाने वाले श्रद्धालु काफी परेशान रहे। अब हालात सामान्य होने के बाद अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर जिला प्रशासन की ओर से अभी से तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से सांबा में छह स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को ठहराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार घगवाल के नृसिंह मंदिर में श्रद्धालुओं को ठहराया जाएगा। जहां लंगर तक की व्यवस्था रहेगी। प्रशासन की ओर से मंदिर प्रबंधक कमेटी से भी चर्चा की जा रही है। नोनाथ आश्रम में भी श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए काफी स्थान है। यहां सभी प्रकार की सुविधाएं भी हैं। पलाह मोड़ स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए प्रबंध किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए लंगर आदि की सुविधा की जा रही है। दियानी में पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शेड बनाया गया है। शौचालय, बिजली पानी का भी प्रबंध किया गया है। बसंतर दरिया के किनारे चीची माता मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए शेड का प्रबंध किया गया है। यहां पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
बाडियां स्थित द्वारिकापुरी आश्रम में भी शेड, शौचालय, बिजली, पानी, स्वास्थ्य आदि की सुविधा है। कुल मिला कर सांबा में बाबा अमरनाथ के श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार के प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिले में छह स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। यदि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है तो ऐसे में कहां-कहां ठहराया जाएगा, इसके लिए योजना बनाई जा रही है।