सांबा के राजपुरा निबासी कृष्ण चौधरी
- फोटो : SAMBA
सांबा। जिले के मदून पंचायत के धार्मिक स्थल तरेली में शनिवार को सेना की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध में भाग लेने वाले सैनिकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त हवलदार कृष्ण चौधरी ने बताया कि भारत-पाक के बीच हुए युद्ध में उनकी तैनाती डोगरा रेजिमेंट सतवारी, जम्मू में थी। जैसे ही पाकिस्तान के जहाज जम्मू व पठानकोट पर हवाई हमले करने लगे तो उन्हें दोमाना के मढ़ क्षेत्र में तैनात किया गया। वहां से वह पाकिस्तान के दस किलोमीटर भीतर घुस गए। उन्होंने दस दिन के भीतर पाकिस्तान के कई कस्बों पर कब्जा कर लिया। सीजफायर होने पर ही वह अपने क्षेत्र में लौटे। स्वर्णिम विजय दिवस पर आज सेना के अधिकारी घर-घर जाकर सैनिकों को सम्मानित कर रहे हैं। उन्हें काफी अच्छा लगा, जब सेना के अधिकारी उन्हें सम्मानित कर रहे थे।