आरएस पुरा / मीरां साहिब। करवाचौथ पर्व से पहले बुधवार को बाजारों में सजने संवरने के लिए महिलाएं काफी संख्या में खरीदारी करते नजर आईं। पर्व से पहले श्रृंगार और व्रत से जुड़ी सामग्री की खरीदारी को लेकर कस्बों के प्रमुख बाजार गुलजार रहे।
दिन भर खरीदारों के लिए भीड़ उमड़ने से बाजारों में रौनक नजर आई। करवा और पूजन सामग्री से लेकर साड़ी की दुकान, ज्वैलरी दुकान व जगह-जगह मेंहदी लगवाने की भीड़ लगी रही। सबसे अधिक महिलाओं व युवतियों में मेहंदी लगाने की होड़ नजर आई। वीरवार को चांद का दीदार करने के लिए ब्यूटी पार्लरों पर भी सजने संवरने के लिए महिलाएं बुकिंग कराने के लिए पहुंचीं। बाजार में महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वैलरी के प्रति अधिक रुझान नजर आया।
रेडीमेड कपड़ों की दुकान चला रहे रमण गुप्ता ने बताया कि समय बदलने के साथ ही फैशन भी बदलने लगा है। एक समय पर करवाचौथ के दिन के लिए गहरे लाल रंग की साड़ी की मांग अधिक रहती थी, लेकिन अब लहंगा और गाउन इंडो वेस्टर्न ड्रेस और उसके साथ-साथ आर्टिफिशियल ज्वैलरी की मांग बढ़ने लगी है। देखने को मिला कि कई महिलाएं अपने बजट के हिसाब से बाजार में पदार्थों के साथ सजने संवरने के लिए खरीदारी करती हुई देखी गई ।
कस्बे के बाजारों में प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया गया था।
बलखाती चूड़ी युवतियों को खूब पसंद आई
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। सुहागिनों के त्यौहार करवाचौथ को लेकर बाजार की रंगत बुधवार को बदल गई। दुकानों में महिलाओं व युवतियों की भीड़ लगी रही। सड़क किनारे चूड़ियाें, बिंदियां की दुकानें विशेष रूप से सजाई गईं। ब्यूटी पार्लर में भी महिला अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। महिलाओं खासकर युवतियाें ने रंगुलु बलखाती चूड़ी ज्यादा पसंद की।
इसके साथ ही बाजारों और मोहल्लों में घूम-घूम कर मेहंदी लगाने वालों का भी कारोबार खूब चला। दोपहर के बाद से मंदिर वाली गली रामगढ़ रोड और बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी। शाम होते-होते पैर रखने की जगह तक नहीं थी। सौंदर्य प्रसाधन की दुकान पर भीड़ ज्यादा थी। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों को बेहतर तरीके से सजाया। चूड़ियों की खनक और बिंदुओं की चमक महिलाओं व युवतियों को लुभा रही थीं। मंदिर मार्केट में भी काफी भीड़ देखी गई। दुकानदारों ने बताया कि महिलाएं खासकर युवतियां रंगुलु बलखाती चूड़ी ज्यादा पसंद कर रही हैं। दोनों तरफ से चूड़ियों को मिलाकर सेट बनाया जा रहा है, जिसकी कीमत 50 से लेकर 100 रुपये तक है। दुकानदारों के चेहरों पर भी काफी रौनक दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते लगभग दो साल का सीजन हमारा ऐसे ही रहा था, लेकिन इस बार काफी मुनाफा किया।
करवाचौथ के उपलक्ष्य में ब्यूटी एंड वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन
परगवाल। हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को करवाचौथ के उपलक्ष्य में ब्यूटी एंड वेलनेस के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें 11 वीं और 12वीं की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का संचालन प्रधानाचार्य नीतू गंडोत्रा ने किया। छात्राओं ने कला का प्रदर्शन करते हुए सहपाठियों के साथ-साथ अध्यापिकाओं के हाथों पर तरह-तरह के डिजाइन वाली मेंहदी लगाई। दूसरी तरफ के सौंदर्य प्रसाधन की सामग्री का इस्तेमाल कर प्रतिभा दिखाई। अध्यापिका नरगिस ने छात्राओं को सुंदर दिखने के लिए इस्तेमाल होने वाली दूसरी सौंदर्य चीजों के इस्तेमाल पर कुछ बारीकियां भी समझाईं, जिसको लेकर छात्राओं ने काफी दिलचस्पी दिखाई। इस मौके पर छात्राओं ने स्कूल प्रशासन के इस कदम की सराहना की। संवाद
अखनूर के बाजारों में बनी रही जाम की स्थिति
अखनूर। करवाचौथ पर्व पर अखनूर के बाजारों में सुबह से शाम तक भीड़ रही। बाजारों में जाम की स्थित रही। लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बाजारों में महिलाओं में मेंहदी लगाने की होड़ रही। श्रृंगार और हलवाई की दुकानों में सबसे ज्यादा भीड़ रही। भीड़ के चलते राजा बाजार में लोगों को आवाजाही पर कई दिक्कत रहीं। कस्बे के राजा बाजार, मेन चौक, बस अड्डा और फव्वारा चौक में सुबह से जाम लगा रहा। पुलिस को जाम को खुलवाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मेन बाजार थाना प्रभारी हरजीत सिंह की अगुवाई में यातायात सुचारु किया। मेंहदी लगाने आई महिला सीमा देवी ने बताया कि करवाचौथ को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, जिस पर पूजा अर्चना की सामग्री सहित अन्य खरीदारी की गई है। संजना वर्मा ने बताया कि करवाचौथ पर घर में खुशियों का माहौल रहता है, और पूजा अर्चना की जाती है।