मेंढर। श्री राम कुंड तीर्थ स्थान पर हर साल चैत्र चौदशी का मेला आयोजित किया जाता है। इसके उपलक्ष्य में वीरवार को मेंढर मुख्यालय स्थित श्री हनुमान मंदिर से देवेंद्र कुमार टंडन की अगुवाई में छड़ी यात्रा निकाली गई।
इसमें मेंढर, अड़ी, हरनी, दच्छल गोलद और धड़ाना मनकोट के लोगाें ने भाग लिया। छड़ी के श्री राम कुंड तीर्थ स्थान पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर श्री रामायण का पाठ प्रारंभ किया गया। इसका भोग चैत्र चौदशी के दिन पड़ेगा। छड़ी यात्रा पर पहुंचे मेंढर उपजिला सनातन धर्म सभा अध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा, व्यापार मंडल मेंढर प्रधान बलराम शर्मा, अड़ी हिंदू धर्म सभा अध्यक्ष अशोक कुमार, श्री हनुमान मंदिर के पंडित राहुल शर्मा और दुर्गा माता मंदिर के पंडित आशीष कुमार द्विवेदी का कहना था कि यह परंपरा मेंढर में काफी समय से चल रही है। हर साल चैत्र मास की चौदशी तिथि पर यहां मेले का आयोजन होता है। इसमें मेंढर उपजिले के साथ-साथ पुंछ राजोरी से भी लोग आते हैं। यहां पर लोग महाभारत काल में पांडवों की ओर से बनाए गए श्री राम कुंड, श्री लक्ष्मण कुंड और श्री सीता कुंड में स्नान कर एक ही पत्थर से बने मंदिर में माथा टेक पुण्य कमाते हैं। पंडित आशीष कुमार द्विवेदी के अनुसार चैत्र चौदशी के दिन इन कुंडों में स्नान करने वाले गंगा माता प्रयाग राज में स्नान के बराबर समझा जाता है।