राजोरी। उत्तरी कमान की व्हाइट नाइट कोर ने शनिवार को राजोेरी में सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस मनाया। इसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और वीर माताओं सहित 2500 से अधिक दिग्गजों ने भाग लिया।
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी जीओसी-इन-चीफ उत्तरी कमान ने दिग्गजों और वीर नारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के लिए सेना द्वारा की गई विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए शिकायत निवारण प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और आवा (सेना महिला कल्याण संगठन) उत्तरी कमान की क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता द्विवेदी ने पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और दिव्यांगों को सम्मानित किया। पूर्व सैनिकों की शिकायतों को दूर करने के लिए विभिन्न संबंधित विभागों से 20 से अधिक सुविधा काउंटर स्थापित किए गए थे, जिसमें जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, रिकॉर्ड कार्यालय, ईसीएचएस, सेना कल्याण प्लेसमेंट संगठन, बैंक आदि शामिल थे। ऑपरेशन सद्भावना के तहत कई कल्याणकारी पहल की गई है, जिसमें बुनियादी ढांचा विकास, चिकित्सा, महिला और युवा सशक्तीकरण, शैक्षिक पर्यटन और खेल के कुछ टूर्नामेंट शामिल हैं। अधिकारी ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि भारत सरकार, सेना और उत्तरी कमान हमारे पूर्व सैनिकों की सेवा में हमेशा प्रतिबद्ध है। अपेक्षा है कि सेना और सरकार द्वारा चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं में भरपूर सहयोग दें और इन योजनाओं को सफल बनाएं।