जम्मू। शहर में मंगलवार को वत्स द्वादशी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान व्रतधारी महिलाओं ने तवी, रणबीर नहर सहित अन्य स्थानों पर पानी के किनारे पूजा-अर्चना कर संतान की दीर्घायु और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के रघुनाथ मंदिर, रणबीरेश्वर मंदिर, बावे वाली माता मंदिर में भी सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुआें का तांता लगा रहा। उन्होंने माथा टेक कर मन्नतें मांगीं।
रणबीर कैनाल के किनारे महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर प्रभु को रोट, भिगोए हुए मूंग, चने और फलाहार का भोग लगाया गया। गो माता और बछड़ों की पूजा कर कथा सुनी।
डुग्गर प्रदेश और संस्कृति में बच्छ दुआ व्रत का काफी महत्व है। इसमें महिलाएं संतान की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं। रणबीर कैनाल के किनारे महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि वत्स द्वादशी को बच्छ दुआ आदि नामाें से भी जाना जाता है। यह विशेष रूप से स्त्रियों का पर्व होता है।