केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में पीएचडी में दाखिले के लिए 18 विभागों में 27 जून से एक जुलाई तक साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दाखिला मिल सकेगा। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, मार्केटिंग मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट, मटेरियल साइंस एंड टेक्नोलॉजी, फिजिक्स, बायोटेक्नोलॉजी और मैथ्स डिपार्टमेंट में साक्षात्कार की प्रक्रिया 27 जून को शुरू होगी।
इन विभाग में 28 को होगा साक्षात्कार
संबंधित विभाग साक्षात्कार का समय निर्धारित करेंगे। सोशल वर्क, इकोनॉमिक्स, कंप्यूटर साइंस एंड इनफार्मेशन साइंस और नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज डिपार्टमेंट में 28 को साक्षात्कार होगा। वहीं बाटनी, केमिस्ट्री, ज्योलॉजी डिपार्टमेंट में 29 को और इंग्लिश, हिंदी व एजुकेशन डिपार्टमेंट में एक जुलाई को साक्षात्कार होगा। संबंधित विभाग अभ्यर्थियों को ईमेल या फोन काल के माध्यम से साक्षात्कार के लिए सूचित करेंगे।
नेट, जेआरएफ व एमफिल पास अभ्यर्थियों से मांगे शोध प्रस्ताव
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सूरम सिंह ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में इस बार पीएचडी में दाखिले के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। नेट, जेआरएफ और एमफिल पास अभ्यर्थियों से साक्षात्कार में शामिल होने के लिए शोध प्रस्ताव मांगे गए हैं। जिन अभ्यर्थियों के शोध प्रस्ताव संबंधित विभागों को पसंद आएंगे। उन्हें ही साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय ने साक्षात्कार के लिए चार विभागों के अभ्यर्थियों की सूची साइट पर अपलोड कर दी है।
हिंदी विभाग में 8 सीटों के लिए 58 से मांगे शोध प्रस्ताव
हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग ने पीएचडी की 8 सीटें भरने के लिए 58 अभ्यर्थियों से 20 जून तक शोध प्रस्ताव मांगे हैं। सभी अभ्यर्थी नेट, जेआरएफ और एमफिल की परीक्षा उत्तीर्ण हैं। उत्कृष्ट 8 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के आधार पर चयन करना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। वहीं, जीव विज्ञान विभाग में 6 सीटें भरने के लिए 33 शोधार्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। रसायनिक विज्ञान विभाग में 5 सीटें भरने के लिए 16 और कंप्यूटर साइंस एंड आईटी विभाग में 4 सीटों के लिए 17 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।
इस बार विवि ने नहीं ली लिखित परीक्षा
केंद्रीय विश्वविद्यालय ने पीएचडी में दाखिले के लिए इस बार लिखित प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया बंद कर दी है। बीते वर्षों में पीजी पास अभ्यर्थी भी नेट की परीक्षा पास किए बिना लिखित परीक्षा में शामिल होते थे। दाखिले में पहली प्राथमिकता नेट व जेआरएफ पास किए अभ्यर्थियों को मिलती थी।