सांबा। जिला के समैलपुर मे सीआरपीएफ की 38 वीं वाहिनी ने होली पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें जवानों ने अधिकारियों के साथ जम कर गुलाल लगाकर होली को खास तरीके से मनाया।
कमांडिंग अधिकारी धीरेंद्र वर्मा की उपस्थिति में मुख्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी दीपक मेहरा, संजय मोहंती समेत अन्य जवान उपस्थित रहे। धीरेन्द्र वर्मा ने समारोह में उपस्थित अधिकारियों और जवानों को होली की शुभ कामनाएं देकर होली के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि होली एक प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो हर्ष और उल्लास के साथ मनाई जाती है। हमें जो ड्यूटी सौंपी गई है उसका निर्वहन करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। इसे ध्यान में रखते हुए बटालियन के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का घर पर होली मनाना संभव नहीं है, परंतु होली त्योहार को फीका भी नहीं होने देना है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है ताकि घर एवं परिवार से दूर रह कर भी हम सभी चेहरे पर मुस्कान के साथ होली मना सकें। सभी ने आपस में भाईचारे के साथ एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाए। होली के गानों पर खूब मस्ती करते हुए डांस भी किया।
हर्षोल्लास व शालीनता से मनाया होली
अरनिया। इलाके में होली पर्व है हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी। कोरोना के नियमों का पालन करते हुए इस बार होली मनाई गई। ओमप्रकाश, जनक सिंह, बाबू राम, डेहरू राम व दुर्गा दास ने बताया कि तीन दशक पहले हर गांव में एक दूसरे के गले लग कर गुलाल का टीका लगा कर होली की मुबारक बाद दी जाती थी।संवाद