कुंजवानी बाईपास रेलवे पुल के पास मंगलवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। हुलिये से वह बाहरी राज्य का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पैंतीस वर्षीय अज्ञात युवक सुबह पौने दस बजे के करीब रेलवे पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान जम्मू मेल दिल्ली से उधमपुर की ओर जा रही थी। युवक को खतरे में देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। तेज की गति तेज होने से युवक संभल नहीं पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक खाकी नेकर और आसमानी रंग की शर्ट पहने था।
जीआरपी के कर्मचारी मुश्ताक अहमद के मुताबिक लोगों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक शव बुरी तरह कट गया है। उसका सिर कट गया था और कमर टूट गई थी। मृतक का रंग गेहुंआ, कद पांच फीट नौ इंच है। पुलिस ने केस दर्ज करके शव को पहचान के लिए जीएमसी में रखा है।