जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमर्ग पर बनिहाल थाना क्षेत्र अंतर्गत चंबलवास इलाके में एक ट्रक और कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को श्रीनगर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक जम्मू से श्रीनगर की ओर से जा रहे ट्रक जेके03बी-1004 का श्रीनगर से जम्मू आ रही आल्टो कार जेके02बीए-3962 के साथ भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में जम्मू के चिनौर निवासी रमेश कुमार की पत्नी सरिता पंडित, बेटा अरुण पंडित, बेटी मीनाक्षी पंडित और बन तलाब जम्मू निवासी आरती भट्ट पुत्री महाराज कृष्ण भट्ट शामिल हैं। चारों को स्थानीय लोगों ने कार से निकाल कर तुरंत उप जिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने आरती भट्ट को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य तीन का इलाज शुरू किया गया। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं देख कर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद श्रीनगर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है।