नकली दवाइयों की खरीद की शिकायत
- फोटो : demo
स्वास्थ्य विभाग में अधिक दामों पर नकली दवाइयों की खरीद की शिकायत पर विजिलेंस ने सोमवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों और जम्मू-कश्मीर मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन के ड्रग स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापामारी की। इस दौरान एंटीबायोटिक टैबलेट, कैप्सूल, ग्लूकोज, ड्रिप सेट आदि के सैंपल उठाए गए हैं। नगरोटा स्थित कारपोरेशन के स्टोर से भी सैंपल लिए गए हैं। बताया जाता है कि कुछ और स्टोरों पर भी छापामारी की जा सकती है।
विजिलेंस के डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में बनाई गई अलग-अलग टीमों ने सोमवार सुबह छापामारी शुरू की। जीएमसी के अलावा स्वास्थ्य निदेशालय, गांधीनगर और सरवाल अस्पताल, मढ़ चिकित्सा केंद्रों पर छापामारी की गई। जीएमसी स्टोर से एंटीबायोटिक एमाक्सलीन कैप्सूल 500 एमजी, सिफ्राक्सिन 500 एमजी, इंजेक्शन सेफराक्सजोन 1 ग्राम के सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य निदेशालय से भी यही सैंपल लिए गए। सरवाल अस्पताल से ग्लूकोज, ड्रिप सेट, नगरोटा ड्रग स्टोर से दो सैंपलों में इंजेक्शन सेफराक्सजोन 1 ग्राम, सिफ्राक्सिन 500 एमजी के सैंपल लिए गए हैं।
गांधीनगर अस्पताल से ग्लूकोज के अलावा कई दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। कारपोरेशन की ओर से नकली दवाएं खरीदने की शिकायत की गई है। हालांकि, एसएसपी कबीर मलिक ने कहा कि जांच के बाद ही साफ होगा कि दवाइयां नकली हैं कि नहीं। एसएसपी का कहना है कि ड्रग फूड कंट्रोल आर्गेनाइजेशन की मौजूदगी में यह सैंपल उठाए गए हैं।