छन्नी हिम्मत थाना, सैनिक कालोनी पुलिस चौकी अंतर्गत वीरवार की सुबह एक बेकाबू टिप्पर ने नेशनल हाइवे जमकैश व्हीकल के शोरूम के नजदीक एक कार को टक्कर मार दी।
इस हादसे में कार चालक सिकंदर खान की मौत हो गई। सिकंदर खान उस्ताद मोहल्ला, जम्मू का रहने वाला था। पुलिस ने टिप्पर को सीज कर उसके चालक विनोद कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सिकंदर खान अपनी कार से कुंजवानी से घर की ओर जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे एक टिप्पर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद फरार हुआ टिप्पर चालक
हादसे में सिकंदर खान की कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने खून से लथपथ सिकंदर खान को जीएमसी में भर्ती करवाया।
वहां कुछ समय बाद ही इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। टिप्पर चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टिप्पर को सीज कर दिया है, लेकिन अभी तक चालक गिरफ्तार नहीं हो सका है। सैनिक कालोनी पुलिस चौकी ने मामले में जांच शुरू कर दी है।