कश्मीर के एक व्यापारी को लूटने के मामले में पुलिसकर्मियों पर ही गाज गिरी है।
व्यापारी से छह लाख रुपये लूटने के आरोप में पुलिस स्टेशन नगीन में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोठीबाग पुलिस ने व्यापारी तसुद्दक हुसैन डार निवासी बडगाम की शिकायत पर यह कार्रवाई की।
एसएसपी श्रीनगर अमित कुमार ने इस संबंध में कोठीबाग पुलिस स्टेशन के अफसरों को जांच रिपोर्ट जल्द पेश करने की हिदायत दी है।
पुलिस ने कैसे छीना पैसों से भरा बैग
तसुद्दक हुसैन डार के मुताबिक वह टीआरसी से छह लाख रुपये से भरे बैग के साथ बैंक से बाहर निकला और आटो में बैठा।
इसके बाद पुलिस जिप्सी में सवार तीन पुलिसकर्मियों ने उसे उतार अपने साथ बैठा लिया और जबरन बैग छीन लिया।
बैग छीनने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने डार को शहर के बाहर दूर दराज इलाके में उतार दिया।
ये हैं तीनों आरोपी पुलिसवालों के नाम
बाद में घटना की शिकायत डार ने कोठीबाग पुलिस स्टेशन में की, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई कर तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल जलालुद्दीन, कांस्टेबल शौकत अहमद और कांस्टेबल इम्तियाज अहमद हैं।