शहर में दो युवक फंदे से झूलते मिले हैं। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। एक बागे बाहु कालोनी स्थित अपने निवास स्थान पर पंखे से लटका मिला है तो दूसरा गंग्याल स्थित अपने घर के नजदीक अस्पताल के पास पेड़ के साथ झूलता मिला है। दोनों घटनाओं अलग - अलग जगह में होने पर इलाके के लोग इन्हें देखने के लिए इक्ट्ठा हो गए। तभी पुलिस को इसके बारे में जानकारी मिली तो दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। इसके साथ ही केस दर्ज करके जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है।
बागे बाहु थाना अंतर्गत न्यू बाहु फोर्ट कालोनी में निवासी राज कुमार (22) अपने निवास स्थान पर फंदे से झूलता मिला है। परिवार के लोगों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। अफरातफरी में परिवार के लोगों ने राज कुमार को गंभीर हालत में यह कहते हुए जीएमसी में ले जाकर चेक करवाया, कि उसकी सांस चल रही है, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राज कुमार इलाके में अपने पिता के साथ फ्रूट चाट की रेहड़ी पर काम करता था। पिछले दो दिनों से बारिश में काम नहीं लगने के कारण वह परेशान रहने लगा था।
वीरवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया तो देखा कि कुंडी लगी है। धक्का लगाकर दरवाजे को खोला तो पंखे से राज कुमार का शव लटका पाया। मां - बाप की आंखें फटी की फटी रह गई। परिवार के लोगों ने उसे पैरों से पकड़ कर ऊपर उठा लिया और खुद ही नीचे उतार कर जीएमसी के लिए रवाना हो गए। लेकिन डाक्टरों के मृत बताने पर मां बाप दोनों टूट गए। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
वहीं सिद्दड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत इलाके में वीरवार को एक विवाहिता ने अपने निवास स्थान पर जहर निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शव गृह में भेज दिया। सिद्दड़ा निवासी नीलम कुमारी (25) ने वीरवार को अपने निवास स्थान पर जहर खा लिया। इससे उससे उलटियां आने लगी, जोकि बंद होने का नाम नहीं ले रही थी। देखते ही देखते जहर का असर पूरे शरीर में फैल गया और नीलम की मौत हो गई। पुलिस महिला के जहर खाने के कारणों का पता लगाने में जुट गए हैं। इसके साथ ही केस भी दर्ज कर लिया है।