कसबे के गांव कृष्णा नगर में शुक्रवार की रात दो जगह चोरी होने का मामला सामने आया है। एक मंदिर में घुसकर चोरों ने हाथ साफ किया है।
चोरों ने मंदिर के सामने स्थित आभूषण की दुकान में भी सेंध लगाई है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।कृष्णा नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में नवरात्रों के दौरान खूब भीड़ रही।
दिन रात यहां चहलपहल देखी जा रही थी, लेकिन दशहरे के बाद अब लोगों का पहुंचना न के बराबर हो गया है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मंदिरों को निशाना बना डाला।
मंदिर का ताला तोड़कर चोर माता की दो नथ, सोने के दो टके और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शनिवार की सुबह पुजारी मंदिर पहुंचा। यहां उसने देखा कि मंदिर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।
इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो चोरी होने का पता चला। चोरो ने इसी मंदिर के सामने एक आभूषण की दुकान के ताले तोड़कर सोना और चांदी के गहने और नकदी चुरा ली।
दुकान ऊपर कमरे बने हैं, जिनमें किरायेदार रहते हैं। चोरों ने इन कमरों को बाहर से बंद कर दिया था। दुकान के मालिक अमित खन्ना ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों स्थानों पर जाकर जांच की है।