डोडा क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीडि़ता सातवीं कक्षा की छात्रा है, जो आरोपी की पड़ोसी भी है। वहीं आरोपी युवक ने अपना जुर्म कबूला है।
एसएसपी डोडा जाहिद नसीम मन्हास ने कहा कि सातवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी युवक बिलाल मेकेनिक का काम करता है, जबकि पीडि़ता का पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है।
पुलिस के अनुसार आरोपी और पीडि़ता दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते हैं, क्योंकि दोनों आसपास में रहते हैं। वारदात के समय पीडि़ता के माता-पिता किसी काम से घर से बाहर थे। इस संबंध में डीएसपी अब्दुल क्यूम रौनियाल ने कहा कि आरोपी युवक ने घर में लड़की के अकेले होने का मौका देख वारदात को अंजाम दिया।
जब पीडि़ता के माता-पिता घर पहुंचे, तो उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।