सतवारी एयरपोर्ट पर दिल्ली की फ्लाइट से जम्मू पहुंची एक युवती का सूटकेस गायब हो गया। श्रीनगर के नाटीपुरा में रहने वाली मसर्रत जान ने इसकी शिकायत सतवारी पुलिस को दी है।
जिसमें मसर्रत जान ने सूटकेस में सोने के गहने और कपड़े रखे होने की जानकारी दी थी, लेकिन अभी तक सूटकेस के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मसर्रत जान ने उन्हें शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले वह दिल्ली की फ्लाइट से जम्मू आई थी। वहां उन्होंने चेकिंग में अपना बैग चेक करने के लिए दिया था। उसके बाद वह सीधा फ्लाइट में बैठकर जम्मू आ गई।
यहां आकर देखा तो उनका सूटकेस फ्लाइट में से नहीं निकला। उन्होंने काफी ढूंढा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। फिर दिल्ली जाकर भी सूटकेस का पता किया, लेकिन वहां पर भी सूटकेस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
तब उन्होंने सतवारी थाने में आकर शिकायत दर्ज करवाई कि उनका सूटकेस कहीं गायब हो गया। सतवारी थाने ने एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि सूटकेस में सोने के गहने और कपड़े भी रखे हुए थे।