जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में बीते गुरुवार को हुए तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार सुबह इस मामले में कार्रवाई को लेकर श्रीनगर के अमर सिंह कॉलेज में छात्रों और सुरक्षा बलों में झड़प हो हुई।
गौरतलब है कि उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के शादीपोरा में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में कई इलाकों में पाबंदियां लगा दी गई हैं। उपराज्यपाल सत्यपाल मलिक ने इस मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दी है। इस पूरे मामले की निगरानी की जम्मू-कश्मीर पुलिस कमिश्नर और आईजी करेंगे।
इस मामले में आरोपी को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक स्थानीय है और उसकी उम्र 20 साल है । हालांकि सही उम्र का पता लगाने के लिए मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा ।
बता दें कि इससे पहले उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के शादीपोरा में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के विरोध में रविवार को घाटी में लोगों ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर कैंडल मार्च निकाला गया।
इस दौरान बेमिना में सुरक्षाबलों पर प्रदर्शनकारियों ने भारी पथराव किया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे । इससे काफी देर तक इलाके में तनाव रहा।
घटना के विरोध में त्रेगाम, सुंबल समेत विभिन्न गांवों के लोग शादीपोरा के मुख्य चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने बांदीपोरा-श्रीनगर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन की सूचना पर उपायुक्त बांदीपोरा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया।
आश्वस्त किया कि 14 दिनों के भीतर फास्ट ट्रैक ट्रायल पूरा हो जाएगा। दोषी को कड़ी सजा अवश्य मिलेगी। इसके बाद नागरिक शांत हुए। साथ ही श्रीनगर के बेमिना इलाके में भी लोगों ने प्रदर्शन किया। कई अन्य स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन हुए।