जम्मू शहर के गांधीनगर थाना के अंतर्गत अलग-अलग तीन युवतियों के अपहरण और लापता के मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पीड़ित परिवार के लोग बेटियों के सुरक्षित घर लौटने की राह देख रहे हैं। पुलिस के मुताबिक मामलों में छानबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
शहर में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ बढ़ने लगा है। एक सप्ताह में गांधीनगर थाना अंतर्गत इलाके में दो अपहरण के मामले सामने आए हैं। एक युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है। 19 मार्च को पिता ने काफी ढूंढने के बाद उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। एक सप्ताह के बाद भी युवती का कुछ पता नहीं चला।
दूसरे मामले में नई बस्ती निवासी युवती 21 मार्च को परीक्षा देने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। पिता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, तो पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। तीसरे मामले में एक महिला का अपहरण करके उसके साथ बलात्कार का मामला सामने आया था। पुलिस अभी तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। आरोपी मेंढर का रहने वाला है।