तालाब तिल्लो इलाके में बुधवार को आटो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आटो चालक पलौड़ा निवासी मोहिंद्र कुमार (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। कार और आटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घायलों को पहले नजदीक के अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने पीड़ितों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। इसके साथ ही कुछ मामलों में केस भी दर्ज कर लिए हैं।
दूसरे मामले में दोमाना थाना के अंतर्गत बनतालाब इलाके में मोटरसाइकिल स्लिप होने पर उस पर सवार बंसी लाल (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। दयाला चक्क में मोटरसाइकिल अचानक स्लिप होने से कच्ची छावनी निवासी भूषण कुमार (29) घायल हो गए। पहले उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
वहां से जीएमसी लाया गया। एक अन्य सड़क हादसे में गंग्याल थाना के अंतर्गत गंदोह अस्पताल के सामने कार की टक्कर से मूलरूप से बिहार, मौजूदा गंग्याल निवासी शंकर कुमार (22) घायल हो गया। बख्शीनगर थाना के अंतर्गत अज्ञात वाहन ने राहगीर को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
आसपास के लोगों ने घायल मूलरूप चंडीगढ़, मौजूदा शास्त्री नगर निवासी संजय गुप्ता (42) को अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके अलावा सतराई कालेज के सामने स्कूटर की टक्कर से सरस्वती विहार निवासी मोहन लाल (65) घायल हो गए। पंजतीर्थी में मोटरसाइकिल की टक्कर से काना सिद्दड़ा निवासी कौशल्या देवी (50) घायल हो गई।