धर्मशाला के साथ लगती ग्राम पंचायत सिद्धबाड़ी के गांव बागनी में लुटेरों ने आधी रात को लूट का विरोध करने पर मकान मालिक पर तेजधार हथियार जानलेवा हमला कर दिया।
इससे इनके सिर पर 12 टांके लगे हैं। घर के मालिक परवेज कुमार को तुरंत धर्मशाला अस्पताल ले जाया गया जहां उसके सिर पर 12 टांके लगे। परवेज कुमार का उपचार धर्मशाला अस्पताल में चल रहा है।
इससे पहले चोरों ने गांव के दो घरों के ताले तोड़े। रविवार रात करीब दो बजे लुटेरों ने गांव के सुरेंद्र चंदेल के घर से दो सोने की अंगुठियां, एक सोने की चेन और दस हजार रुपये की नगदी चुराई। इसके बाद विक्रम चंदेल के घर के ताले तोड़कर 14 हजार रुपये नगद, सोने का सेट, चांदी की पायलें और मंगलसूत्र पर हाथ साफ किया।
इसके बाद लुटेरों ने अपना तीसरा निशाना परवेज कुमार के घर को बनाया। लुटेरों ने परवेज के घर के ताले तोड़ने शुरू किए। इतने में परवेज कुमार की नींद खुल गई। उसने इसका विरोध किया तो लुटेरों ने उसके सिर पर तेज हथियार से वार कर दिया है। इतने में परवेज की भाभी इंदु कुमारी भी पहुंच गई। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इतने में ही लुटेरे वहां से फरार हो गए। बाद में आसपास के लोग भी इकट्ठा हुए और घायल परवेज को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया, जहां पर घायल का उपचार किया जा रहा है। योल पुलिस चौकी के प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने धरना देने को चेताया
ग्रामीणों सुरेंद्र, गुलवंत, राजेश और अजय ने बताया कि इलाके में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। शीघ्र ही पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे पुलिस और प्रशासन के खिलाफ धरना देंगे।
अभी तक इलाके में एक दर्जन से ज्यादा चोरियां हो चुकी हैं। सिद्धबाड़ी पंचायत की प्रधान मधु घटना के संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया है।