गांधीनगर के गोल मार्केट इलाके में स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के बाहर सोमवार दिनदहाड़े एक नकाबपोश बदमाश ने पेट्रोल पंप मैनेजर से 11 लाख रुपये छीन लिए। नकाबपोश रुपये छीनकर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बाइक लेकर खड़े उसके साथी के साथ फरार हो गया।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की पर कुछ हासिल नहीं हुआ। शहर के पॉश इलाके में हुई इस तरह की घटना से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर नकाबपोश बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के मालिक राहुल का कहना है कि करीब 70 वर्षीय मैनेजर सीडी शर्मा लगभग एक ही समय रोज कैश जमा कराने जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह तीन दिन का कैश था।
गांधीनगर पुलिस के मुताबिक सतवारी स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर सीडी शर्मा हर रोज की तरह सोमवार दोपहर को (12:05 बजे) पंप से कैश लेकर अपनी मारुति कार से निकले। सोमवार को उन्होंने बैंक से करीब 50 मीटर पहले ही कार पार्किंग की और रुपयों से भरा बैग लेकर कार से उतरे। उनके उतरते ही एक नकाबपोश युवक ने उन्हें धक्का दिया और उनसे बैग छीनकर फरार हो गया।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर नकाबपोश का साथी बाइक स्टार्ट कर उसका इंतजार कर रहा था। नकाबपोश बदमाश उसके साथ बाइक पर बैठ कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ को सीसीटीवी कैमरों की भी मदद लेनी चाहिए, पर कुछ हासिल नहीं हुआ।