यात्रियों को जहरीला पदार्थ खिलाकर उन्हें लूटने वाले एक शख्स को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी पंद्रह साल से यह सब कर रहा था। उसके पास से जहरीले बिस्कुट और जहरीला पाउडर बरामद किया गया है।
सोमवार को तड़के जम्मू के बस स्टैंड में पहुंची बाहरी राज्य की एक निजी बस में पुलिस ने इसे दबोचा है। जहरखुरानी की वारदात को वह अकेले ही अंजाम देता था। बस में आरोपी की सीट के पास सुंदरबनी निवासी एक यात्री बेहोशी की हालत में मिला है। उसे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस स्टैंड के एसएचओ परमजीत सिंह ने बताया कि बस स्टैंड के बाहर नाका लगाया गया था। सोमवार सुबह करीब तीन बजे पंजाब से एक बस आई। पुलिस कर्मियों ने बस की जांच की। इसी दौरान एक यात्री ने पिछले दरवाजे से चुपके से निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
अकेले ही वारदात को देता था अंजाम
उससे पूछताछ की गई और तलाशी ली। आरोपी कृष्ण लाल गोल गुजराल जम्मू का रहने वाला है। उसके पास से जहरीले बिस्कुट और जहरीला पाउडर मिला। इस पर पुलिस का शक का पुख्ता हो गया। कड़ाई से पूछताछ में उसे सब कुछ उगल दिया।
पुलिस को तब और हैरानी हुई, जब उसने बताया कि वह इस काम को पिछले पंद्रह वर्ष से अंजाम दे रहा है। इस दौरान उसने हजारों यात्रियों को अपना शिकार बनाया है। बताते चलें कि पिछले कई महीनों से बस स्टैंड और बाहर से आने वाली बसों में पुलिस को बेहोश यात्री मिल रहे हैं। इनमें से कई की जान भी जा चुकी है।
एसएचओ का कहना है कि आरोपी के सारे मामलों की जांच की जाएगी। यह भी बताया कि आरोपी कृष्ण लाल 20 साल पहले लुधियाना में हत्या के मामले में जेल काट चुका है। पुलिस ने मामला दर्ज करते जांच शुरू कर दी है।
कैसे करता था शिकार
आरोपी ने बताया कि वह हर रोज जम्मू से पठानकोट और पठानकोट से जम्मू आता जाता है। वह क्रीम वाले बिस्कुट के पैकेट खरीदता है। उसमें से क्रीम निकाल कर खुद तैयार किए गए जहरीले पाउडर की पेस्ट भर देता था।
वह यात्रियों के पास बैठ जाता था। यात्री से घुलने मिलने के बाद वह उन्हें बिस्कुट खिला देता था। जब वह बेहोश हो जाता था तो उनके पैसे, अन्य सामान चुरा लेता है।
सोमवार को भी उसने अपने साथ बस की पिछली सीट पर बैठे यात्री को बिस्कुट खिलाया और उसके बेहोश होने पर उसका बटुआ और अन्य सामान चुरा लिया।