रियासी के बिड्डा मोड़ दंपति हत्या मामले की जांच को लेकर अब भी हाथ-पैर ही मारे जा रहे हैं। दस दिन के बाद भी आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। सबसे अहम बात है कि दंपति की एक अन्य बच्ची अभी तक तापता है। पुलिस ने गणतंत्र दिवस के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए कवायद तेज करने की बात कही है।
पुलिस हरियाणा के साथ दिल्ली मेें भी अपनी टीमें भेजेगी, ताकि आरोपियों की तलाश की जा सके। एएसपी संजय सिंह ने बताया कि मृतक बबलू के भाई का फोन लगातार बंद आ रहा है। पुलिस को उम्मीद थी कि फोन कॉल्स से आरोपियों को पकड़ने में मदद मिलेगी, लेकिन इससे भी कुछ हाथ नहीं लग पा रहा।
पुलिस लगातार घटनास्थल को खंगाल रही है। शनिवार को भी पुलिस ने बिड्डा मोड़ के आसपास के नालों और इलाकों को खंगाला, लेकिन पुलिस के हाथ लापता बच्ची नहीं लगी। बताया जा रहा है कि लापता बच्ची की आयु डेढ़ साल से अधिक नहीं है। बच्ची की तलाश के लिए कटड़ा, उधमपुर और रियासी के इलाकों में लगातार पूछताछ की जा रही है।