छन्नी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई शीतल शर्मा मामले में आने वाले दिनों में कई लोगों से पूछताछ होगी। इसमें ससुराल और मायका पक्ष के दर्जनों लोग शामिल होंगे। परिवारवालों ने इस मामले को हत्या करार दिया है तो पुलिस किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरतना चाहती। महिला के पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
यहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में ससुराल के लोगों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाएगी। पुलिस ने सोमवार को मृतक महिला और पति के मोबाइल फोन की काल डिटेल भी चेक की। छन्नी के एसएचओ एजाज वानी का कहना है कि अभी तक की जांच में दहेज, अवैध संबंध, पैसों की कोई बात सामने नहीं आ रही।
पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। डीएसपी रफीक ने बताया कि मायका पक्ष के लोगों के एक दो दिन बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ससुराल पक्ष के बयान दर्ज होंगे। पुलिस इस मामले में हर पहलु पर जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि छन्नी हिम्मत सेक्टर चार में शनिवार की देर रात एक विवाहित फंदे से झूलती मिली थी।
मायके वालों ने मौके पर जाकर सारे हालात देखे तो मृतका के चेहरे, बाजू, पेट और पैरों पर चोटों के निशान और शरीर नीला हो जाने पर हत्या की आशंका हुई। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की थी।