आत्महत्या के मामले में एक युवक को केस से हटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस आर्गनाइजेशन जम्मू ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विजिलेंस के अनुसार आत्महत्या के एक मामले में दर्ज केस में शिकायतकर्ता मक्खन लाल के बेटे का नाम हटाने के लिए रामबन के तत्कालीन डीएसपी और उनके रीडर कांस्टेबल युद्धवीर सिंह ने 2.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत की जांच करने पर विजिलेंस ने पाया कि उक्त पुलिसकर्मियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रिश्वत ली। विजिलेंस के अनुसार प्रथम दृष्टया में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए पर्याप्त सबूत मिले।
इसी आधार पर जेएंडके पीसी एक्ट 2006 की धारा 5(2) और आरपीसी की धारा 161 के तहत विजिलेंस आर्गनाइजेशन जम्मू में केस (15/2015) दर्ज किया गया। विजिलेंस ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।