सिंचाई विभाग के चौकीदार दिलीप कुमार की हत्या के एक आरोपी को पुलिस पकड़ने का दावा कर रही है। पुलिस की ओर से मुट्ठी निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है, जबकि नरवीर सिंह और उसका भाई अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे हैं। नरवीर सिंह दो दिन पहले ही पुलिस को चकमा देकर हिरासत से भाग निकला था।
गौरतलब है कि एक माह पहले दिलीप कुमार चौकीदार की तीन लोगों ने बुरी तरह से पिटाई कर दी थी, जिसके बाद नेहरू मार्केट पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
बाद में जीएमसी में उपचाराधीन दिलीप कुमार निवासी किश्तवाड़ की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया, तब जाकर पुलिस ने कठुआ से एक आरोपी को पकड़ा।
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए नरवीर सिंह भागने लगा, लेकिन वह हादसे में घायल हो गया और पुलिस की पकड़ में आ गया। बाद में उसे उपचार के लिए जीएमसी लाया गया। उसका भाई और तीसरा आरोपी विकास अभी तक फरार हैं।
हादसे में नरवीर की पसलियां टूट जाने से उसे पुलिस हिरासत में रखा गया। दो दिन पहले नरवीर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में एक कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया था। अब पुलिस विकास को पकड़ने का दावा कर रही है, जबकि नरवीर सिंह और उसका भाई अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।