शहर और आसपास इलाकों में शनिवार को अलग-अलग जगह पर हुई मारपीट की घटनाओं में आधा दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। जख्मी लोगों को परिवार वालों ने पहले नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने कुछ मामलों में केस भी दर्ज कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि कहीं मामूली बात को लेकर मारपीट हुई तो कहीं पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ है।
पहला झगड़ा नगरोटा में हुआ। यहां कुछ लोगों ने इलाका निवासी मोहम्मद आरिफ (20) को मारपीट कर जख्मी कर दिया। परिवार के लोगों ने मोहम्मद आरिफ को अस्पताल में भर्ती करवाया। दूसरा विवाद बाहु फोर्ट इलाके में हुआ। यहां मारपीट की घटना में इलाका निवासी कमल गोस्वामी (30) जख्मी हो गया। तीसरा घटना बटैड़ा में हुई।
यहां कुछ लोगों के साथ हुई मारपीट में त्रिकुटानगर निवासी प्रवीण बाली (45) जख्मी और पीर बाबा सतवारी निवासी विमला (70) जख्मी हो गए। इसी तरह से सिद्दड़ा में हुई मारपीट में हलीमा (30) जख्मी हो गई। बिश्नाह में किसी मामूली बात को लेकर इलाका निवासी राजेश कुमार (26) मारपीट में जख्मी हो गया।
राजेश को पहले बिश्नाह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसी तरह से आरएस पुरा में कुछ लोगों का विवाद हुआ। जिसमें कोटली बिश्नाह निवासी राज कुमार (45) जख्मी हो गया।
बेकाबू ट्रैक्टर की कार को टक्कर, तीन घायल
शहर में पंजतीर्थी इलाके में शुक्रवार की मध्यरात्रि को एक बेकाबू ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग जख्मी हुए। इनमें एक चार साल की बच्ची भी शामिल है। पंजतीर्थी इलाके में यहां ट्रैक्टर की टक्कर में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए।
इनमें श्रीनगर निवासी खुशबू (20), मोहम्मद तसन (60) और खलाला शामिल है। कुंजवानी में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार हक्कल निवासी ज्योति शर्मा (27) और डिग्यिाना निवासी संतोष कुमार (31) घायल हो गए।
नगरोटा में बाइक स्लिप होने से प्रीत नगर निवासी इकबाल (42) जख्मी हो गए। शक्ति नगर में स्कूटी स्लिप होने से इलाका निवासी राहुल (25) घायल हो गया। पांचवें हादसे में नरवाल में स्कूटी की टक्कर से नरवाल राजीव नगर निवासी महक (4) जख्मी हो गई। हादसों के घायलों का जीएमसी में उपचार चल रहा है।
कांस्टेबल सहित चार ने जहर निगला
शहर में शनिवार को अलग-अलग स्थान पर हुई घटनाओं में एक कांस्टेबल और चार लोगों ने जहर निगल लिया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। चारों की हालत खराब हो गई। परिवार के लोगों ने पीड़ितों को पहले नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया।
पहला मामला में सिटी में हुआ। यहां कांस्टेबल तुका राम (40) मूलरूप से महाराष्ट्र, नासिक ने जहर खा लिया। इससे उसकी हालत खराब हो गई। अन्य साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
दूसरे मामले में अखनूर निवासी अनुराधा (21) ने अपने निवास स्थान पर जहर खा लिया। पहले अनुराधा को उपजिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
तीसरे मामले में बाग-ए-बाहु थाना अंतर्गत हुआ। यहां बाहु फोर्ट निवासी सोफिया बेगम (40) ने जहर निगल लिया। चौथे मामले में छन्नी हिम्मत निवासी राजिंद्र कुमार (43) ने अपने घर में जहर खा लिया।
सड़क हादसे के घायल ने दम तोड़ा
सड़क हादसे के घायल एक युवक ने इलाज के दौरान शुक्रवार को जीएमसी में दम तोड़ दिया। पुलिस ने नकि यां, कठुआ निवासी पंकू कुमार (22) के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक 8 मार्च को नगरी कठुआ में एक मोटरसाइकिल ने पंकू कुमार को टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें लगी थीं। परिवार के लोगों ने घायल को कठुआ के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को इलाज के दौरान पंकू ने दम तोड़ दिया।