तेईस दिन पहले बिश्नाह के गांव अपर कनहाल से लापता हुए युवक का शव सोमवार को बाड़ी बाह्मणा में बंद पडे़ एक कारखाने के गटर बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी वीना देवी और उसके दोस्त बाबूराम उर्फ काला निवासी लंगोटिया (बिश्नाह) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सैंतीस वर्षीय शमशेर चंद निवासी अपर कनहाल के घरवालों ने 27 सितंबर को बिश्नाह थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था।
इसके बाद पुलिस ने बाबूराम और वीना को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर बाबूराम ने बताया कि वह शमशेर को बाड़ी ब्राह्मणा के एक बंद पड़े कारखाने में लाया था। यहां उसको पहले खूब शराब पिलाई। इसके बाद उसकी हत्या कर दी और शव को गटर में फेंक दिया। पुलिस आरोपी को साथ लेकर कारखाने पहुंची। बाबूराम की बताई जगह पर जाकर देखा तो शमशेर का शव गटर में पड़ा था।
पुलिस ने गटर को तुड़वाया और शव को बाहर निकाला। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उधर, बिश्नाह थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी वीना को शक के आधार पर रविवार की रात पकड़ा गया था। उसे बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस के हवाले किया जाएगा।
बताया जाता है कि शमशेर चंद को मारने की साजिश काफी समय पहले से चल रही थी। मृतक के गांव के लोगों ने बताया कि लापता होने से कुछ दिन पहले शमशेर खेतों में पराली से बेसुध मिला था। बताया जाता है कि शमशेर को धोखे से नशीली दवाएं भी दी जा रही थीं। इसके चलते उसकी हालत बेहद कमजोर हो गई थी।