सतवारी थाना अंतर्गत जीवन नगर नहर से शुक्रवार की तड़के एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर जाकर शव को बाहर निकला गया, शव जीवन नगर में ही रहने वाले हलवाई मंगा राम (37) का निकला। उनके परिवार के सदस्यों से शिनाख्त करवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि जीवन नगर नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो दो दिन पहले इलाके में लापता हुए मंगा राम का शव था। मंगा राम 10 मई को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं आया था।
12 मई को मंगा राम के लापता होने की शिकायत सतवारी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई गई और 13 मई की सुबह मंगा राम का शव नहर से बरामद हो गया।
पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल पुलिस को जिन परिस्थितियों में मंगा राम का शव बरामद हुआ है। उससे कोई सनसनी वाला मामला नहीं लगता है। पुलिस के मुताबिक पुख्ता जानकारी शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उसकी रिपोर्ट आने के बाद दी जाएगी। एफआईआर दर्ज कर ली गई है।