जानीपुर थाना अंतर्गत एक बेकाबू मेटाडोर ने जानीपुर मेटाडोर स्टाप पर जमकर तांडव मचाया। सुबह करीब दस बजे जानीपुर से न्यू प्लाट की ओर जा रही मेटाडोर ने पहले एक कार को टक्कर मारी, इसके बाद बचने का प्रयास कर रहे मोटरसाइकिल सवारों को भी चपेट में ले लिया।
इसी बीच कुछ लोगों ने मेटाडोर को पकड़ने का प्रयास किया तो फिर एक और कार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। जानकारी के मुताबिक जानीपुर से न्यू प्लाट जा रही मेटाडोर नंबर जेके 02 वी 6235 तेज रफ्तार से गुजरी। इसी दौरान उसने कार (जेके 02 बीए 4544) को टक्कर मार दी।
इसके बाद कुछ वाहनों से बचते बचाते हुए मेटाडोर ने बाइक (जेके 02 एवी 3787) को भी चपेट में ले लिया। मोटरसाइकिल मेटाडोर के नीचे दब गई थी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उठाया और जीएमसी में भर्ती करवाया।
हाईकोर्ट रोड होने के चलते पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान मौके पर जाम लग गया, जिसे बारह बजे तक हटाया जा सका। मेटाडोर चालक फरार है। मेटाडोर को सीज कर लिया गया है। एसएचओ कोहली के मुताबिक एफआईआर दर्ज कर दी गई है।