उधमपुर से नई दिल्ली आ रही एसी स्पेशल ट्रेन में हथियारों से लेस लुटेरों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सहायक निदेशक की पत्नी से पांच लाख रुपये की ज्वैलरी लूट ली। लुटेरों ने ट्रेन में कुछ अन्य यात्रियों को भी निशाना बनाया। वारदात शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे शाहाबाद और डोडाखेड़ी के बीच हुई।
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे चेन पुलिंग कर नीचे उतरे और जैसे ही ट्रेन का गार्ड नीचे आया तो बदमाश पथराव करते हुए फरार हो गए। इसके बाद बिना स्टापेज के ही ट्रेन कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन पर रोकी गई और वहीं एफआईआर दर्ज की गई। रेलवे पुलिस ने बताया कि उधमपुर से जम्मू होते हुए एसी स्पेशल ट्रेन 22402 नई दिल्ली जा रही थी।
शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे हथियारों से लैस पांच से सात लुटेरे अचानक ट्रेन की बोगी बी-3 में घुस गए और लूटपाट शुरू कर दी। लुटेरों ने सबसे पहले बोगी में सीट नंबर डी-2 पर बैठीं केंद्रीय गृह मंत्रालय के सहायक निदेशक अमित शर्मा की पत्नी वनिका गुप्ता निवासी किदवई नगर, निकट एम्स नई दिल्ली को निशाना बनाया।
वनिका मायके में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहीं थीं। वनिका ने पुलिस को बताया कि लुटेरे उनके बैग में रखे करीब पांच लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए। कुरुक्षेत्र रेलवे थाना प्रभारी सुरेश कुमार के मुताबिक पूछताछ में ज्ञात हुआ है कि लुटेरों की आयु करीब 25 से 26 वर्ष रही होगी। बी-3 में ही सवार यात्री राजेंद्र सिंह के मुताबिक लुटेरों ने कुछ और बोगियों में भी लूटपाट की और कई लोगों का सामान उठाकर ले गए।