हत्या के प्रयास, चोरी और आपराधिक घटनाओं में वांछित आरोपी पुरुषोत्तम गोरखा उर्फ कल्लू (निवासी गोरखा नगर) को बाग-ए-बाहु पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रशासन ने उस पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) लगाकर जेल भेज दिया है। कल्लू की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी जम्मू उत्तम चंद ने उस पर पीएसए लगाने की अनुशंसा की थी, उस पर डीसी सिमरनदीप सिंह ने आदेश जारी कर दिया। उसके बाद उसे कोट भलवाल जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कल्लू कई मामलों में जमानत पाने के बाद फरार चल रहा था। अदालत ने उसे भगोड़ा करार दिया था। पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कल्लू को गोरखा नगर के आसपास घूमते देखा गया है।
संभवत: वह अपने परिवार के लोगों से मिलने आया है। इसके बाद एसएचओ रविंद्र सिंह रकवाल के नेतृत्व में टीम ने उस पर घेरा डाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गोरखा नगर इलाके में वह आतंक का पर्याय बन चुका था।
उसके नेतृत्व में एक गिरोह इलाके के अलावा आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इससे पहले भी उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी, लेकिन वह चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।