उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में अचानक चली गोली से सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई। घायल अवस्था में उन्हें सेना के बेस अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना जिले के हंदवाड़ा के लंगेट की है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक जेसीओ की अपनी ही सर्विस राइफल से गोली चलने से मौत हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लंगेट में स्थित 30 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप में उस समय अफरातफरी मच गई, जब कैंप के भीतर गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
इसके बाद जवान तुरंत मौके की ओर दौड़े। वहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शबागंज इलाके के शिवपुर गांव निवासी 55 वर्षीय जेसीओ जय प्रकाश सिंह को खून में लथपथ जमीन पर पड़ा पाया।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि जेसीओ को पहले नजदीक के मेडिकल रूम ले जाया, वहां से उन्हें श्रीनगर स्थित 15 कोर मुख्यालय में सेना के बेस अस्पताल एयर लिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। अधिकारी के अनुसार उनकी मौत अपनी ही सर्विस राइफल से गोली चलने से हुई है। गोली सीधा उसके सिर में लगी।