पलौड़ा के पवन इनक्लेव में रहने वाले हरि कृष्ण पिछले 25 साल से ड्राइवरी कर रहे हैं। अपनी कमाई का एक-एक रुपया जोड़ उन्होंने बैंक में डेढ़ लाख रुपये जमा किए थे, लेकिन बैंक एटीएम का पिन बदलने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों ने उसकी पूरे जीवन की कमाई उड़ा ली। हर जगह शिकायत करने के बाद ड्राइवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में हरि कृष्ण ने कहा कि उन्होंने आल इंडिया रेडियो में प्रसारित होने वाले अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में लोगों से अपनी हर बात साझी करने को कहा है। हरि कृष्ण ने लिखा, ‘मैं पेशे से ड्राइवर और निजी वाहन चलाता हूं।
पिछले 25 सालों में अपनी थोड़ी सी कमाई में से कुछ बचाकर पीएनबी बैंक (शालामार ब्रांच, जम्मू) में जमा करवाता रहा। चंद दिन पहले मेरे मोबाइल पर टेलीफोन नंबर 0776601084 से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि मेरे एटीएम कार्ड का पिन 5 जनवरी को समाप्त हो जाएगा।
आप अपना पिन नंबर बताएं, अन्यथा आपका अकाउंट ब्लाक कर दिया जाएगा। मैं कम पढ़ा लिखा हूं और मैंने अपना पिन नंबर उसे दे दिया।’ यदि आपके मोबाइल पर 0776601084 नंबर से फोन आए और आपके बैंक का एटीएम पिन नंबर पूछे तो भूलकर भी न बताएं। जम्मू क्राइम ब्रांच के पास इस नंबर से ठगे गए बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता पहुंचे हैं।
पिन बदलने के नाम पर की ठगी
हरि कृष्ण के अनुसार उसे बाद में पता चला कि उसके अकाउंट में रखी जीवन भर की पूंजी (1,57,500 रुपये) में से ठगों ने पांच से सात जनवरी के बीच 1,54,500 रुपये निकाल लिए। जब उन्होंने बैंक मैनेजर से संपर्क किया तो उन्होंने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाने का सुझाव दिया।
क्राइम ब्रांच ने शिकायत (संख्या 303/12 जनवरी 2015) दर्ज की। साथ ही बताया कि इस नंबर (0776601084) से और भी कई लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं। जिसकी शिकायतें उनके पास पहुंची हैं। प्रधानमंत्री से शिकायत में कहा गया कि किसी व्यक्ति का बैंक अकाउंट नंबर और फोन नंबर कैसे ठगों के पास पहुंच रहा है, इसकी जांच सीबीआई से करवाई जाए। इस तरह के अपराधियोें पर तत्काल अंकुश लगाए जाने की जरूरत है।
हरि कृष्ण ने कहा कि पूरे जीवन भर की कमाई गंवाने वाला उनके जैसा गरीब आदमी कैसे उबर पाएगा। उन्होंने कहा कि यदि ठग पकड़ने नहीं जाते या फिर उनकी जीवन भर की कमाई वापस नहीं मिलती तो वह अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री के निवास के समक्ष भूख हड़ताल करेंगे। प्रधानमंत्री को भेजे पत्र की कापी पीएमओ राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह, पीएनबी के जनरल मैनेजर, रीजनल और जोनल मैनेजर (चंडीगढ़) को भी भेजी।