जम्मू-कश्मीर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को हबलीस-ई-कॉमर्स में करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में छापा मारकर पुंछ और जम्मू जिलों से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी थे। यह मामला एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी द्वारा छह आरोपियों द्वारा संचालित हबलीस-ई-कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर की गई करोड़ों की धोखाधड़ी से संबंधित है।
दोनों आरोपी हबलीस-ई-कॉमर्स के प्रमुख एजेंट के रूप में कर रहे थे। वह पुंछ और राजोरी जिलों में सीधे साधे लोगों को जाल में फंसाकर लूट रहे थे। आरोपियों ने कम समय में पैसा दोगुना करने के बहाने लोगों से करोड़ाें की हेराफेरी की। इस सिलसिले में क्राइम ब्रांच की जम्मू विंग में 2019 में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि पुंछ और जम्मू जिलों में कई छापों के बाद मेंढर तहसील के धाक्की बेहरा से मोहम्मद सईद खान और अली मोहम्मद निवासी चकबनोता को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी कम समय में पैसे दोगुना करने के बहाने उक्त ई-कॉमर्स कंपनी के प्राइम एजेंट के तौर पर काम कर भोले-भाले लोगों से करोड़ों रुपये की रकम ठगने में शामिल हैं। उन्होंने बताया,अली मोहम्मद को जम्मू के बख्शी नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया । वह लंबे समय से अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। करोड़ों की धोखाधड़ी में नाम सामने आने के बाद वह सऊदी अरब भी भाग गया था।
मेंढर पहुंची टीम पर हमला
दूसरे आरोपी मोहम्मद सईद खान को मेंढर (पुंछ) स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस संबंध में मेंढर पुलिस थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि खान पर पुंछ की चुगान तहसील के एक मोहम्मद अजीज के मकान पर भी अतिक्रमण करने का आरोप है।