नगर के व्यस्त ज्यूल चौक में हार्डवेयर के गोदाम में दोपहर के समय अचानक आग लग गई। इससे गोदाम में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण कोई ज्वलंत पदार्थ थिन्नर पर गिरना बताया जा रहा है।
दोपहर डेढ़ बजे के करीब ज्यूल में संत मार्केट के सामने अचानक एक तीन मंजिला इमारत से आग निकलने लगी। काफी धुआं निकला और धुएं की लपटें आसमान में फैलने लगीं। व्यस्त क्षेत्र होने के कारण आग का तुरंत पता चल गया और दमकल विभाग की गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग बुझाने का काम शुरू हुआ।
लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। सबसे अधिक चिंता गोदाम में लगे थिन्नर को लेकर थी। आग थिन्नर तक नहीं पहुंचे, इसके लिए दमकल विभाग ने प्रयास शुरू किए। गोदाम में मौजूद खिड़की, दरवाजे और अन्य सामान जल रहे थे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
मार्केेट में ही गोदाम मालिक की दुकान है। गोदाम मालिक और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग के संयुक्त निदेशक आरटी दूबे के अनुसार सिटी और गांधीनगर से करीब चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, जिससे समय रहते कार्रवाई करते हुए बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
गोदाम मालिक एस गुप्ता के अनुसार आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोदाम मेें नौकर गया और उसने आग को देखा तो सूचना दी। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उधर, दोपहर ढाई बजे के करीब जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक के सरकारी आवास बिक्रम चौक के पिछले हिस्से में मौजूूद झाड़ियों में भी आग लग गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर झाड़ियों से आग बुझाई और उसे फैलने से रोका। जम्मू विश्वविद्यालय के साथ जुड़ते इस क्षेत्र में पहुंचने के लिए हालांकि कुछ परेशानी हुई। इस घटना में फिलहाल कोई नुकसान नहीं हुआ है।