विश्व कप क्रिकेट के मैच पर सट्टा लगाने के आरोप में बख्शी नगर पुलिस ने चार बुकियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चारों बुकी भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच पर सट्टा बुक कर रहे थे।
सूचना पाकर पुलिस ने छापा मारा और मौके से 27,500 रुपये, एक लैपटाप, टीवी, प्रिंटर और स्टेशनरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बुकियों में राकेश कुमार शर्मा (निवासी शांति नगर), अनिल कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा व आकाश सिंह शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार न्यू प्लाट के लोगों ने पुलिस को बताया कि इलाके में रहने वाली एक महिला स्वर्ण खन्ना काफी समय से दिल्ली में है। उनका घर खाली पड़ा है। जब भी विश्व कप का मैच होता है तो बड़ी संख्या में लोग इस घर में जमा हो जाते हैं। इस दौरान कमरे के बाहर से ताला लगा दिया जाता है। उन्हें आशंका है कि या तो वह कोई गलत काम करते हैं या फिर मैच के दौरान जुआ वगैरह खेलते हैं।
शिकायत के आधार पर बख्शी नगर थाना प्रभारी दिलीप सिंह बलौरिया ने उस मकान के बाहर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात कर घर में चल रही गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान चार लोग उस घर में घुसे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बाहर से ताला लगा दिया।
सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी एसएचओ को दी। इसके बाद तत्काल एक टीम बनाकर घर में दबिश दी गई। घर के अंदर बैठे चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की कड़ाई के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि वह क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने का काम कर रहे थे।
एसएचओ के अनुसार उनके पास से मिले लैपटाप और मोबाइल की जांच की जा रही है। इसमें अन्य लोगों के नामों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस धंधे में अन्य कौन लोग संलिप्त हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।