नेशनल कांफ्रेंस के विधायक मुबारक गुल द्वारा सदन में शनिवार को उठाए गए मामले पर सोमवार को सदन में जांच रिपोर्ट पेश करते हुए राजस्व मंत्री सैयद बशारत बुखारी ने कहा कि हमने इस मामले में सदन में जानकारी देने का यकीन दिलाया था और इसको लेकर कार्रवाई भी की है। उन्होंने कहा कि हमने उसी दिन वित्तआयुक्त को इस मामले की जांच का निर्देश दिया था। डीसी श्रीनगर ने मामले की तत्काल जांच की और तीन लोगों को नवाकदल इलाके में गठित गवर्नमेंट वूमेंस डिग्री कालेज की जमीन पर कब्जे का दोषी पाया गया है।
बुखारी ने कहा कि इस मामले में जो तीन व्यक्ति दोषी पाए गए हैं उनमें आजाद अहमद, रियाज अहमद और फारुक अहमद पंजू शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आजाद अहमद द्वारा एक मरला, रियाज अहमद द्वारा आठ मरला, जबकि फारुक अहमद पंजू द्वारा पांच मरला ज़मीन पर कब्ज़ा किया गया था। उन्होंने यह भी बताया जमीन को कब्जे से मुक्त कराते हुए इन तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। यह तीनों अभी फरार हैं।
मंत्री के जवाब पर गुल ने कहा कि क्या सरकार उन सरकारी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिनकी मिलीभगत से यह कब्जा हो रहा था। मैं ऐसे एक अधिकारी को जानता हूं, जो पहले पटवारी था, फिर गिरदावर बना। राजस्व मंत्री ने कहा कि हम भूमाफिया के खिलाफ सख्त कदम उठा रहे हैं, अगर कोई सरकारी कर्मी उनके साथ लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।