जम्मू बस स्टैंड में सोमवार को उस समय भगदड़ मच गई, जब सवारियां बैठाने को लेकर टेंपो ट्रैवलर के चालकों के बीच आपस में मारपीट हो गई। इस दौरान तेजधार हथियारों का भी उपयोग हुआ। मारपीट में एक ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमला करने वाले आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार नौशहरा निवासी बलविंदर सिंह और सयोट निवासी केवल कृष्ण बस स्टैंड पर वाहनों में सवारियां बैठा रहे थे। इसी दौरान सवारियों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच मारपीट होने पर बलविंदर ने तेजधार हथियार से केवल कृष्ण पर हमला कर दिया। इससे केवल लहूलुहान हो गया। इसी दौरान मौके से किसी ने बस स्टैंड पुलिस को घटना की सूचना दे दी।
इसके बाद बस स्टैंड पुलिस थाना प्रभारी अजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घायल केवल कृष्ण को अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आरोपी चालक बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।