एक बाप को अपनी बेटियों की आबरू बचाने का खामियाजा अस्पताल में भर्ती होकर चुकाना पड़ा। अधमरी हालत में होने के चलते उनके बचने की दुआएं उनकी बेटियां कर रही हैं।
शनिवार को मेडिकल कालेज अस्पताल में पहुंची उनकी दोनों बेटियों के फटे हुए कपड़े साफ बता रहे थे कि मनचलों ने अपने बहशीपन में कोई कसर नहीं छोड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
त्रिकुटा नगर थाना के अंतर्गत रहने वाली दोनों लड़कियों ने ‘अमर उजाला’ को दी गई जानकारी में बताया कि उनके मोहल्ले के ही चार युवक उन्हें रोज तंग करते हैं।
घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शनिवार को भी अपने घर से बाहर आने लगीं तो मनचले युवकों ने उन्हें छेड़ना शुरू कर दिया।
दोनों बहनों के कपड़े फाड़ दिए
दोनों बहनों के कपड़े फाड़ दिए गए और अश्लील हरकतें करने लगे। इसके तुरंत बाद उनके पिता उन्हें बचाने के लिए पहुंचे तो मनचलों ने उन्हें बुरी तरह से पीट दिया।
युवतियों ने बताया कि एक दिन पहले ही उन्होंने नरवाल पुलिस स्टेशन में शिकायत लेकर पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं अस्पताल में भर्ती युवतियों के पिता की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि शरीर पर भी काफी गहरे गाव हैं। नरवाल पुलिस चौकी प्रभारी इनायत अली ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
दीपक, दर्शन, करेला और मनोज चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चारों की तलाश में पुलिस ने देर रात तक कई इलाकों में छापेमारी की, लेकिन अभी तक कोई पकड़ में नहीं आ सका है।