जीएमसी जम्मू में एमबीबीएस की अंतिम वर्ष की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने पर मेडिकल कालेज के एचओडी पर केस दर्ज किया गया है। भूपेश खजुरिया जीएमसी के फोरेंसिक एंड मेडिसन विभाग के एचओडी हैं, जिन पर आरोप लगाया गया है। बख्शी नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डाक्टर भूपेश पर कालेज प्रबंधन की तरफ से भी कार्रवाई की गई है। उन्हें प्रिंसिपल कार्यालय अटैच कर पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी मामले की जांच करेगी।पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया है कि सोमवार को खजुरिया ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया और कहा कि उसने परीक्षा अच्छे से नहीं दी है।
पढ़ाई न करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह फेल हो सकती है। इस पर जब छात्रा रोने लगी तो खजुरिया ने उसे गले लगा लिया और इसके बाद शारीरिक छेड़छाड़ की। छात्रा वहां से किसी तरह से बाहर आ गई। पहले अपने परिवार से बात की और इसके बाद पुलिस को जाकर जानकारी दी। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 294 और 354 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन
जांच के लिए कमेटी का गठन
- फोटो : demopic
एसएचओ बख्शी नगर का कहना है कि छात्रा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं एमबीबीएस छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में डा. भूपेश खजूरिया को प्रिंसिपल कार्यालय में अटैच किया गया है।
इस मामले की जांच के लिए जीएमसी की पांच सदस्यीय विभागीय शारीरिक शोषण कमेटी गठित की गई है। कमेटी में माइक्रोबायोलाजी विभाग की एचओडी डा. बेला महाजन को चेयरमैन बनाया गया है। फोरेंसिक मेडिसन विभाग का कार्यभार प्रिंसिपल ने अपने पास रख लिया है। फिलहाल एसोसिएट प्रोफेसर डा. संध्या अरोड़ा को इंचार्ज बनाया गया है।